बरेली। आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से पीड़ित एक अधेड़ शनिवार को डीएम के यहां पहुंचा। उसने मदद की गुहार लगाई। डीएम ने मामले को सुनना और फिर पहल करते हुए पीड़ित का नि:शुल्क इलाज कराने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री राहत कोष से शासन को संस्तुति भेजी और पीड़ित को जल्द आर्थिक सहायता भी प्रदान करने का आश्वासन दिया। विकासखंड भुता के ग्राम दौली रघुवर दयाल वर्तमान में एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भोजीपुरा में किडनी और लीवर की गंभीर बीमारी का उपचार करा रहे हैं। आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर होने के कारण उनके परिवार ने इलाज में सहायता के लिए जनसुनवाई के दौरान डीएम अविनाश सिंह से गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए शासन को पत्र भेजा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि मरीज के इलाज में किसी प्रकार की चिकित्सीय असुविधा न होने पाए तथा जिला अस्पताल स्तर पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। डीएम ने एसआरएमएस अस्पताल के अधिकारियों से भी वार्ता कर मरीज को उपचार मे अधिकतम आर्थिक राहत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति (पात्र) और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।।
बरेली से कपिल यादव
