बरेली। बरेली कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है। महानगर सहमंत्री कुनाल मिश्रा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई ऐसे छात्रों की फीस जमा हो गई जिनका नाम मेरिट सूची में नहीं था। परिषद ने इस वर्ष पर्सेंटाइल के स्थान पर प्रतिशत के आधार पर प्रवेश दिए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से यूपी बोर्ड के छात्रों को नुकसान हुआ है। ज्ञापन में वेटेज प्रमाणपत्रों और इंटरमीडिएट अंकपत्रों के सत्यापन की मांग की गई है। साथ ही प्रवेश पूर्ण कर चुके छात्रों को अभी तक प्रॉस्पेक्टस और कॉलेज आईडी उपलब्ध न कराने पर भी नाराजगी जताई गई। एबीवीपी ने एडेड पाठ्यक्रमों की फीस में जीएसटी के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने और फीस रसीद में उसका स्पष्ट विवरण न होने का मुद्दा भी उठाया। परिषद ने 72 घंटे के भीतर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।।
बरेली से कपिल यादव
