तेज धूप से सड़कों पर सन्नाटा, उमस ने बढ़ाई मुश्किलें, बाजार सूने

बरेली। भीषण गर्मी ने बरेली की रफ्तार थाम दी है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। तेज धूप और उमस ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही सूरज की तपिश इतनी तेज रही कि दोपहर तक सड़कें खाली दिखाई दी। कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं और लोग एसी का सहारा लेने को मजबूर है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब शहर की दिनचर्या पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय प्रमुख बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई। व्यापारियों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण ग्राहक कम पहुंच रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में दोपहर के समय अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात नजर आए। गर्मी का असर रोडवेज बस स्टैंड पर भी देखने को मिला। बसें यात्रियों के इंतजार में खड़ी रही, जबकि आम दिनों की तुलना में सवारियों की संख्या काफी कम रही। तेज धूप और उमस के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। इसका असर छोटे दुकानदारों और रोज कमाने-खाने वाले लोगों की आय पर भी पड़ रहा है। डॉक्टरों के अनुसार लगातार तेज धूप और उमस के कारण डिहाइड्रेशन, हीट एक्सहॉशन और त्वचा संबंधी समस्याओं के मामले बढ़ गए हैं। लंबे समय तक धूप में रहने से त्वचा झुलसने का खतरा रहता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं। फिलहाल मौसम में राहत के कोई संकेत नहीं हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भी बरेलीवासियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *