फरीदपुर में पिता की हत्या करने वाले बेटे और बहू को भेजा जेल

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के ढकनी रजपुरी गांव में जमीन को लेकर डालचंद्र की हत्या करने वाले आरोपी बेटे और बहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे में हत्या में प्रयोग किए गए डंडे और फरसा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 15 जून की सुबह फरीदपुर के ढकनी रजपुरी गांव के डालचंद्र उर्फ डोरीलाल राठौर (60) पर बेटे गोपीचंद और बहू ज्ञान देवी ने घर में बंद कर फरसे से हमला कर दिया था। खून से लथपथ डालचंद्र जान बचाकर भागने लगे तो बेटे-बहू ने उन्हें आंगन में गिरा दिया। हॉकी से प्रहार कर दोनों हाथ तोड़ दिए। घायल अवस्था में डालचंद्र को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने डालचंद्र के बेटे और बहू के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को डालचंद्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट से मौत होने की पुष्टि हुई। डालचंद्र की पत्नी पुष्पा देवी ने बेटे गोपीचंद और बहू ज्ञान देवी के खिलाफ हत्या के आरोप की तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने मारपीट के मुकदमे में हत्या की धाराएं शामिल कर दी। पुलिस ने हत्या आरोपी गोपीचंद और उसकी पत्नी ज्ञान देवी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले। गुरुवार को पुलिस ने ढकनी से गोपीचंद और ज्ञान देवी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयोग किया गया डंडा और फरसा बरामद किया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *