मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे मंगलवार की रात सड़क हादसा हो गया। मेहंदी का जुलूस देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक सांड़ से टकरा गई। इस हादसे मे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र के जालिफ नगला उर्फ नयागांव निवासी अब्दुल शमी (18) के रूप में हुई है। घायल युवक सादिक (19) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, अब्दुल शमी और सादिक मंगलवार को फतेहगंज पश्चिमी के गांव अगरास मे मेहंदी का जुलूस देखने गए थे। रात करीब सवा एक बजे वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। लभारी के पास नेशनल हाईवे पर अचानक एक सांड़ उनकी बाइक के सामने आ गया। बाइक सांड़ से टकराकर अनियंत्रित हो गई। दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मीरगंज और मिलक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मिलक सीएचसी भेजा। वहां चिकित्सकों ने अब्दुल शमी को मृत घोषित कर दिया। सादिक को प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मीरगंज के क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर मिलती है, तो मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है।।
बरेली से कपिल यादव
