मीरगंज, बरेली। हाईवे पर रोडवेज बस कैंटर से टकरा गई। जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। घटना के बाद चालक कैंटर लेकर भाग गया। पीलीभीत डिपो की बस बरेली से सवारियां लेकर दिल्ली जा रही थी। मीरगंज ओवरब्रिज से उतरते ही बस रोड पर अचानक रुके कैंटर में पीछे से टकरा गई। जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्री अगली सीटों से जा टकराए। दुर्घटना में रेखा,उनकी पुत्री रीता निवासी रौंरा कला, मिलक रामपुर, देवकी देवी निवासी गढ़मुक्तेश्वर, पवन कुमार निवासी नगरिया सादात मीरगंज और रामसरन निवासी रामपुर सहित छह लोग घायल हो गए। चालक सोमेश्वर एवं चंद्रशेखर शर्मा ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। उन्होंने यात्रियों को दूसरी बसों से भेज दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रेखा, रीता एवं रामसरन को अस्पताल पहुंचाया। बाइक डिवाइडर से टकराई, पिता-पुत्र घायल : मीरगंज। मुरादाबाद की ओर जा रही बाइक ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे शरीफ अहमद एवं उनका पुत्र अनीस अहमद निवासी कुंदरकी मुरादाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। गुगई गांव में रविवार दोपहर में घर के सामने खड़े पांच वर्षीय अर्हम पुत्र अयाज खान को बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे अर्हम घायल हो गया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।।
बरेली से कपिल यादव
