आंवला, बरेली। भमोरा क्षेत्र मे प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे में शामिल किए गए गांवों के प्रधानों ने एसडीएम विदुषी सिंह से मुलाकात की और जमीन अधिग्रहण में रेट बढ़ाने, उद्योगों में लोगों को रोजगार दिए जाने की मांग की। गुरुवार को बैठक में राजस्व अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक गलियारे के लिए आंवला तहसील के किन-किन ग्रामों का चयन किया गया है। प्रधानों को मानचित्र के जरिए प्रस्तावित क्षेत्र की जानकारी दी गई, किसानों की जमीनों का अधिग्रहण नियमानुसार उचित मुआवजा देकर किया जाएगा। सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा दिया जाएगा और पुनर्वास नीति के लाभ देने की बात कही गई। औद्योगिक गलियारा बनने से क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा और किसानों की जमीनों के रेट भी बढ़ेंगे। प्रधानों ने मांग रखी कि औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए। कई ग्राम प्रधानों ने अधिग्रहण से कृषि भूमि कम होने और पर्यावरण पर असर को लेकर चिंता जताई। साथ ही मुआवजा समय पर दिलाने और विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की। कुडढा प्रधान आदेश यादव ने बताया कि सड़क किनारे की भूमि का बाजार मूल्य सरकारी सर्किल रेटों से काफी अधिक है, इससे किसानों को नुकसान होगा, जिसकी भरपाई की जानी चाहिए। बैठक मे एसडीएम, नायाब तहसीलदार रजनी सक्सेना, अंशुल वर्मा, गौरव कुमार सिंह, बजेश यादव, ओम प्रकाश शर्मा, धीरज कुमार, इस्लाम, लेखपाल सुभाष बाबू, खुर्शीद अली, आदेश यादव, राम प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
