साढ़े तीन हजार रुपये के लिए फैक्टरी कर्मी की हत्या, शराब पिलाकर दोस्तों ने घोंटा गला

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के निवासी आदेश मिश्रा नाम के आइसक्रीम फैक्टरी कर्मचारी की हत्या का फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। शुक्रवार को आदेश के साथ शराब पीने वाले दो युवकों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। दोनों को गिरफ्तार किया गया। हत्या की वजह बेहद मामूली निकली। कुल 3500 रुपये के लालच मे आदेश की हत्या की गई। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि भोजीपुरा इलाके के मुड़िया चेतराम गांव निवासी आदेश मिश्रा का शव शुक्रवार शाम मड़ौली के पास नहर पटरी पर मिला था। आदेश के परिजनों ने उनके शव की पहचान की। परिजनों के मुताबिक आदेश गुरुवार की शाम एक शादी समारोह मे गए थे लेकिन शुक्रवार सुबह तक घर नही लौटे। उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। एसओ ने बताया कि शव मिलने के बाद भी आदेश का मोबाइल फोन नही मिला। शुरुआत मे खुलासा होने मे समय लगने की आशंका थी पर पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की जिससे हत्यारों तक पहुंचने मे मदद मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर फरीदपुर के बल्लिया गांव निवासी सोनू कश्यप व मीरगंज के ही नगरिया सादात निवासी शहंशाह को गिरफ्तार कर लिया। पहले इन्कार कर रहे दोनों आरोपियों ने सख्ती करने पर हत्या करने की बात कबूल कर ली। सोनू ने पुलिस को बताया कि उसकी मामी पूनम बिजली निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और वह भी उन्हीं के साथ मीरगंज की हाइडिल कॉलोनी मे रहता है। मीरगंज के नगरिया सादात निवासी शहंशाह उसका दोस्त है और दोनों शराब के लती है। बताया कि 15 मई की सुबह वह और शहंशाह दोनों सोनू के पैतृक गांव जा रहे थे। शंखा पुल पर उनकी मुलाकात आदेश मिश्रा से हुई। आदेश बरात से लौट रहा था और उसके सिर मे हल्की चोट लगी थी। उससे जान-पहचान हुई तो उसने बताया कि वह आइसक्रीम फैक्टरी मे कर्मचारी है। रात उसके साथी की बहन की शादी थी। वहां सभी दोस्तों ने शराब पीकर डीजे पर डांस किया तो गिरने से उसके सिर मे हल्की चोट आई और फोन भी कही गिर गया है। दोस्ती के बाद तीनों ऑटो से बल्लिया तक आए। वहां डॉक्टर से आदेश के सिर मे लगी चोट की पट्टी कराई। सोनू ने बताया कि मढौली मे एक खोखे से उन तीनों ने शराब खरीदी। आदेश मिश्रा ने अपने पर्स से पैसे दिए तभी उन दोनों ने आदेश के पर्स मे रखे 3500 रुपये देख लिए और उनकी नीयत खराब हो गई। नहर पटरी पर तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। सोनू और शहंशाह ने चालाकी से आदेश मिश्रा को अधिक शराब पिला दी। जब आदेश नशे मे हो गए तभी दोनों ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने रुपये आपस मे बांट लिए। इसमे सोनू को 1700 रुपये और शहंशाह को 1800 रुपये मिले। दोनों पैदल हाईवे पर आकर वाहन मे बैठकर मीरगंज लौट गए। शुरू मे किसी को अंदाजा नहीं था कि आदेश की हत्या की गई होगी। पुलिस भी ज्यादा शराब पीने से मौत का मामला मान रही थी। पोस्टमार्टम मे गला दबाकर हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस हरकत मे आई। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि चूंकि आदेश की हत्या अंजान लोगों ने की तो खुलासे लायक सुराग नही थे। आदेश का मोबाइल फोन भी बरात मे शामिल उसके साथियों को मिल गया था जो उन्होंने वापस कर दिया। तब पुलिस ने शव मिलने की जगह सुरागकशी की। कई लोगों से पूछताछ की तो एक शख्स ने सोनू का नाम लिया। बताया कि सोनू दो लोगों के साथ शराब पी रहा था। जानकारी जुटाई तो सोनू के साथ शहंशाह का नाम भी आया। दोनों को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *