Breaking News

जनगणना प्रशिक्षण में ऑनलाइन कार्यप्रणाली, विधिक प्रावधान और मकान सूचीकरण प्रक्रिया पर हुआ विस्तृत प्रशिक्षण : राय चन्द देवासी

राजस्थान/बाड़मेर –  जनगणना के सफल संचालन को लेकर सिवाना तहसील परिसर में गुरुवार को तीसरे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ चार्ज जनगणना अधिकारी रायचंद देवासी के निर्देशन में किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को जनगणना के राष्ट्रीय महत्व, उनकी जिम्मेदारियों तथा जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान चार्ज जनगणना अधिकारी रायचंद देवासी ने उपस्थित कार्मिकों को जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा बताते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों का आधार होती है, इसलिए इसमें कार्यरत प्रत्येक कार्मिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र में फील्ड ट्रेनर जसवंत सिंह भायल ने मोबाइल आधारित ऑनलाइन जनगणना कार्यप्रणाली की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने जनगणना 2027 का परिचय, उससे जुड़े विधिक प्रावधान, अधिनियम, धाराओं एवं नियमों के बारे में समझाया। साथ ही मकान सूचीकरण, ब्लॉक प्रभारी एवं प्रगणकों की मुख्य भूमिका, भवनों की पहचान, मकानों के वर्गीकरण तथा नजऱी नक्शे तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

वहीं फील्ड ट्रेनर वेलाराम प्रजापत ने प्रोजेक्टर के माध्यम से जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने डिजिटल प्रणाली से डेटा संकलन, सूचनाओं के सत्यापन तथा फील्ड कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण में उपस्थित पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों ने भी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक स्थिति का आधार है। ऐसे में प्रत्येक कार्मिक को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में पर्यवेक्षक, प्रगणक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *