बाड़मेर में जलापूर्ति व्यवस्थाओं पर प्रशासन हुआ सख्त नाराज ,अधिकारियों ने किया गली मुहल्लों में निरीक्षण

राजस्थान/बाड़मेर- शहर में गर्मियों के दौरान सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने एक दिन पूर्व बाड़मेर की जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने अपने लवाजमे के साथ शहर के विभिन्न वार्डो के औचक निरीक्षण के बाद सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता हजारी राम बालवा ने शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आईईसी कॉर्डिनेटर अशोक सिंह ने बताया कि अधीक्षण अभियंता ने विष्णु कॉलोनी, तुलसाराम की गली, लाखाराम की गली, शास्त्री नगर, दीपक माली की गली, छगनजी की गली, लक्ष्मी मेडिकल की गली, इंद्रा नगर, नरपत सिंह की गली, सरस्वती स्कूल रोड तथा हिंगलाज माता मंदिर क्षेत्र सहित कई स्थानों पर पहुंचकर जल वितरण की स्थिति को परखा। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर पानी की सप्लाई, प्रेशर और समयबद्धता की जांच की।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता ने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्मिक मिशन मोड में काम करें।

निरीक्षण के दौरान विभाग के सहायक अभियंता कृष्ण कुमार गुप्ता, स्वरूप सिंह, संदीप छंगाणी सहित बाबूलाल फिट्टर, जसराज चौधरी, पोकर राम और मुकेश धारू भी मौजूद रहे। टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर तकनीकी स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश मौके पर ही जारी किए।

अधीक्षण अभियंता बालवा ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है और शहरवासियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि पानी का दुरुपयोग न करें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *