दबंग महिला कलक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने हटाया हाथों हाथ अतिक्रमण

राजस्थान/बाड़मेर- एक शिकायतकर्ता द्वारा ज़िला कलक्टर को झूठी शिकायत पेश करना उस समय भारी पड़ गया, जब एसडीएम की जांच पड़ताल में शिकायत ही झूठी पाई गई । मामला इंडो पाक बॉर्डर से सटे उपखंड सेड़वा का है, जहां गिड़ा गांव के परिवादी पीराराम ने ज़िला कलक्टर को स्थगन आदेश के बावजूद खातेदारी भूमि में से जबरन रास्ते निकालने की लिखित शिकायत की ।

ज़िला मुख्यालय पर बैठक में मौजूद एसडीएम सेड़वा बद्रीनारायण विश्नोई को कलक्टर ने मौक़ा मुआयना कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए । जिस पर एसडीएम सेड़वा बद्रीनारायण विश्नोई मंगलवार सुबह 10 बजे तहसीलदार सेड़वा जोताराम, भू अभिलेख निरीक्षक बाखासर हीराराम सारण और पटवारी भंवरिया जगराम मय टीम मौके पर पहुंचे । मौका जांच करने पर शिकायत कर्ता पीराराम ही अतिक्रमी निकला। दरअसल पीराराम और उनके भाइयों ने आपसी सहमति से एक साल पूर्व जोतों का बंटवारा करवाया और आम रास्ते के लिए भूमि सरकार के पक्ष में समर्पित की । जिसका सीमाज्ञान करवा कर मौके पर रास्ता बना लिया । खसरा नम्बर 648/635 सरकारी समर्पित भूमि में से मौके पर एक किलोमीटर लंबा रास्ता कई सालों से चल रहा है। उसे 14 अप्रैल को परिवादी पीराराम ख़ुद ने ही कांटेनुमा बाड़ लगा जानबूझकर बंद कर दिया । 24 अप्रैल को प्रशासन आपके द्वार शिविर फागलिया में चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल को ग्रामीणों ने रास्ता खुलवाने के लिए प्रार्थना पत्र पेश किया। जिस पर एसडीएम सेड़वा ने तहसीलदार सेड़वा जोताराम को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए । एक मई को अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमी पीराराम और उसके परिवार की महिलाओं ने मौके पर हंगामा कर अतिक्रमण की कार्रवाई को रुकवा दिया ।

4 मई को अतिक्रमी पीराराम ने स्थगन आदेश के बावजूद उनकी भूमि में से प्रशासन द्वारा जबरन रास्ता निकालने का परिवाद जिला कलक्टर को पेश किया । एसडीएम की जांच में परिवादी की शिकायत झूठी साबित हुई । जांच रिपोर्ट में सरकारी रास्ते की भूमि पर कोई स्टे नहीं पाया गया । असल में परिवादी की खातेदारी भूमि पर स्थगन था, जिसकी आड़ में वह प्रशासन और पुलिस पर अतिक्रमण नहीं हटाने का दबाव बना रहा था । मंगलवार को एसडीएम विश्नोई ने सरकारी रास्ते की भूमि से पीराराम के अतिक्रमण को भौतिक रूप से हटवाकर आम जनता को एक किमी रास्ता सुलभ करवाया । परिवादी पीराराम की शिकायत जांच में झूठी पाई जाने पर एसडीएम ने पीरा राम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश थानाधिकारी बाखासर को दिए ।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *