शिवपुरी, बरेली। बुद्ध पूर्णिमा पर कैलाश गिरी घाट पर रामगंगा मे बड़ी संख्या मे श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। रामगंगा में जल स्तर कम होने की वजह से दूर-दूर तक घाट पर स्नान करते हुए लोग दिखाई दिए। इस दौरान मेला भी लगा मेले में चाट पकौड़ी एवं प्रसाद सहित सैकड़ों दुकाने घाट पर लगी हुई थी। पुल के नीचे गहराई थी। उस स्थान को चिन्हित करके थाना पुलिस पूरे समय मुस्तैद रही। भमोरा के फिरोजपुर के मुड़किया घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। यहां हिम्मतपुर, त्रिकुनिया, झिंझरी, लहर, मई कीरतपुर, हर्रामपुर, बिछुरैया, सिरसा, मिलक मझारा, बिहारीपुर, घिलौरा, कटका रमन, गहर्रा आदि गांवों के श्रद्धालुओं ने रामगंगा में स्नान कर प्रसाद चढ़ाया। यहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा। सिरौली मे बुद्ध पूर्णिमा पर रामगंगा के सिरौली तथा अंजनी घाट पर लोगों ने रामगंगा में स्नान किया। यहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। बुद्ध पूर्णिमा पर गोरा लोकनाथपुर और कपूरपुर रामगंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शुक्रवार तड़के से ही हजारों की संख्या में लोगों ने रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य लाभ अर्जित किया। रामगंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। स्नान के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरित किया। घाटों के किनारे पूजा सामग्री की दुकाने सजी थीं, जहां बच्चों ने मेलों और झूलों का आनंद लिया। कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन और अन्य धार्मिक संस्कार भी संपन्न कराए। जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। मुख्य स्थानों पर गोताखोर तैनात किए गए थे। ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस की वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था जायजा लिया। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने की अपील की।।
बरेली से कपिल यादव
