शीशगढ़, बरेली। शिकायतों पर आंवला, नवावगंज व मीरगंज एसडीएम ने क्षेत्र मे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान तमाम कमियां मिली। क्योलड़िया और शीशगढ़ में मौके पर कर्मी पंजीयन संबंधी दस्तावेज नही दिखा सके। शीशगढ़ मे दो सेंटर बंद मिले। मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। छापे से अल्ट्रासाउंड केंद्रों संचालकों में दिनभर हड़कंप का माहौल बना रहा। एसडीएम ने शीशगढ़ नगर पंचायत मे चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। एक सेंटर पर टेक्नीशियन अल्ट्रासाउंड करता मिला। दो सेंटर बंद मिले। आयुक्त एवं डीएम के निर्देश पर एसडीएम आलोक कुमार ने शीशगढ़ मे अल्ट्रासाउंड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। दो अल्ट्रासाउंड सेंटर पर ताले लटके मिले। रामगंगा अल्ट्रासाउंड केंद्र पर टेक्नीशियन कुलदीप कुमार अल्ट्रासाउंड करते मिले। ओमलाइफ अल्ट्रासाउंड केंद्र पर रेडियोलॉजिस्ट एमयू खान का नाम अंकित मिला। लेकिन निरीक्षण मे वे केंद्र नही मिले। स्टाफ ने एसडीएम को बताया रेडियोलॉजिस्ट नमाज पढ़ने गए है। आयुषी अल्ट्रासाउंड केंद्र पर मशीन ढकी रखी थी। केंद्र के बाहर 20 तारीख से अल्ट्रासाउंड नही किए जा रहे है का नोटिस मिला। केंद्र पर रेडियोलॉजिस्ट नही मिले। एसडीएम ने अल्ट्रासाउंड न करने की कड़ी हिदायत दी। बताया की आख्या आयुक्त व डीएम को भेजी जा रही है। वही आंवला मे एसडीएम विदुषी सिंह ने शुक्रवार को सिरौली और अलीगंज क्षेत्र में संचालित कई अल्ट्रासाउंड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। किसी भी सेंटर पर डॉक्टर अथवा रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिला। एसडीएम ने सिरौली स्थित न्यू फैमिली अल्ट्रासाउंड सेंटर, माधव प्रिया अल्ट्रासाउंड सेंटर, अलीगंज में भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया। तीनों ही केंद्रों पर कोई भी अधिकृत डॉक्टर या रेडियोलॉजिस्ट नहीं था।अधिकारियों का कहना है कि इन तीनों केंद्रों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भेजी जा रही है। वही एसडीएम निधि शुक्ला ने क्योलड़िया के हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया। मौके पर स्टाफ अल्ट्रासाउंड सेंटर संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद उन्होंने बरेली अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भी जिम्मेदार कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। एसडीएम ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। चिकित्सा प्रभारी डॉ मुगीश ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेंटर पर रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज नही मिले। एसडीएम ने संबंधित सेंटरों के संचालकों से दस्तावेजों के साथ पेश होने के निर्देश दिए है।।
बरेली से कपिल यादव
