बरेली। देवरनियां बिजलीघर से पोषित करीब 100 गांवों मे शनिवार रात दो बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार पावरग्रिड द्वारा डाली गई एक केबल में खराबी आ गई। जिसके चलते यूपी पावर कॉर्पोरेशन के वितरण खंड के लगभग 10 पोल के तार क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई इस तकनीकी खराबी से पूरे क्षेत्र की सप्लाई बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल, सिंचाई और धरेलू कार्यों में दिक्कतें उठानी पड़ रही है। गर्मी के चलते हालात और भी कठिन हो गए है। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। जेई सुशील मिश्रा रात मे ही टीम के साथ फॉल्ट ठीक करने में जुटे रहे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त तारों को बदलने और लाइन दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके। हालांकि खबर लिखे जाने तक बिजली सप्लाई शुरू नही हो सकी थी। जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। देवरनियां मुड़िया जागीर के अलावा कमालपुर, गुना हड्डू, बैंकरनंदा, भूला भुलानिया, सैमीखेड़ा, नगला, बिजपुरी, चठिया, पखुर्नी, अभयपुर, गनु नगला, उदारा समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति रात 11 बजे तक नही आई थी। जेई सुशील मिश्र रात मे अटामांडा के जंगल मे लाइन मे कर्मचारियों से फुंके इंसुलेटर को दुरुस्त करा रहे थे। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को बिजली नही आने से परेशानी हुई है। उपभोक्ताओं को रात मे चैन की नींद मुहैया कराने के लिए वह जुटे है। बताया कि रात भर अलग अलग टीम लगी है। वहीं फतेहगंज पूर्वी के अस्पताल परिसर के पास स्थित नई कालोनी का ट्रांसफार्मर फुक जाने से आधे कस्बे की बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही। इससे लोग परेशान रहे। लोगों ने बताया कि सुबह ट्रांसफार्मर मे तेज आवाज के साथ खराबी आ गई। जिसके बाद इलाके की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। जनता ने कर्मियों को सूचना दी तो उन्होंने छुट्टी का दिन होने की बात कही। दिनभर बिजली न रहने से घरों मे लगे इनवर्टर भी शाम तक जवाब दे गए।।
बरेली से कपिल यादव
