बरेली। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के सोमवार को प्रस्तावित बरेली दौरे से पहले शनिवार को मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं को परखा। डीआरएम स्पेशल ट्रेन शनिवार दोपहर बरेली होकर रोजा के लिए गुजरी। डीआरएम के बरेली जंक्शन आने का पहले से कोई कार्यक्रम तय नहीं था। शाम छह बजे के बाद रोजा से वापसी के समय डीआरएम स्पेशल गाड़ी के जंक्शन पर पहिए थम गए तो अधिकारियों के माथे पर तनाव आ गया। अधिकारियों की टीम के साथ डीआरएम विनीता श्रीवास्तव स्पेशल ट्रेन से उतरने के बाद औचक निरीक्षण करने लगी। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के तहत आने वाले प्लेटफॉर्म नंबर पांच और छह पर यात्री सुविधाओं व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पावर केबिन मे व्यवस्थाओं को परखा और महाप्रबंधक के निरीक्षण को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। अधिकारी वीडियो और फोटो भी ग्रुप पर शेयर करेंगे। सिविल पुलिस से बम एवं डॉग स्क्वॉड दस्ता बुलाए गए। आरपीएफ-जीआरपी की टीमों ने सिविल पुलिस के साथ दो घंटा तक सघन चेकिंग की। सभी प्लेटफार्म, टिकट विंडो, पार्सल, सर्कुलेटिंग, एरिया, भोजनालय, वेटिंग हाल आदि चेक किए गए। एक घंटा 10 मिनट जंक्शन पर निरीक्षण के बाद वह मुरादाबाद रवाना हो गई। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह, सीएमआई इमरान सैय्यद, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अमर सिंह मीना, इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
