बहेड़ी, बरेली। पिटाई से घायल एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक भाई ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना शीशगढ़ के गांव रसूलपुर निवासी इंद्रजीत का पुत्र सतेंद्र बहेड़ी मे एसबीआई की मेन ब्रांच के पिछले हिस्से मे ग्राहक सेवा केंद्र चलाता था। सुरेंद्र कुमार के मुताबिक उसके भाई सतेंद्र ने रात 8 बजे अपना ग्राहक केंद्र बंद किया और मोहम्मदपुर चौराहे पर शराब भट्टी के करीब के होटल मे खाना खाने गया था। वहां मोहम्मद पुर गौटिया का अंकित दो साथियों के साथ आया और सतेंद्र से गाली गलौच करने लगा। विरोध करने पर अंकित और उसके साथियों ने सतेंद्र को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह वह अपनी बाइक लेकर भागा तो इन लोगों ने उसका पीछा किया और रोडवेज बस अड्डे के पास पकड़ लिया। आरोप है कि अंकित ने जान से मारने की नियत से उसके सिर पर रॉड मारी। जिससे वह वही गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल सतेंद्र को एक एम्बुलेंस चालक उठाकर बरेली के एक अस्पताल ले गया। जहां उसे भर्ती करा दिया। सतेंद्र के भाई के मुताबिक जानकारी होने पर वे लोग अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए दूसरे अस्पताल ले गए। पुलिस ने गुरुवार रात सुरेद्र की तहरीर पर अंकित और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर शुक्रवार को सतेंद्र की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पैसा जमा करने व निकालने को लेकर रहता था विवाद : सतेंद्र पैसा जमा करने और निकालने के काम में विवादों में रहा। तीन दिन पहले कुछ लोग इसकी शिकायत लेकर बैंक मैनेजर के पास गए थे। उन लोगों का कहना था कि सतेंद्र को पैसा जमा करने के लिए दिया था, लेकिन उसने खाते में जमा नहीं किया। कुछ लोगों ने पैसा खाते से निकाल और न देने की शिकायत की। यह भी बताया कि पैसा निकालने के बाद देने में कई कई दिन लगा देता था। अंदेशा है कि इस कांड में कहीं इसी तरह का मामला न हो। फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। इस संबंध में इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि सतेंद्र के साथ मारपीट को लेकर मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर लिया गया था। उसकी मौत के बाद धाराओं को तरमीम किया जाएगा। मामले में गहराई से तफ्तीश कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
