आंधी-बारिश मे बिजली व्यवस्था धड़ाम, कटौती से मचा हाहाकार

बरेली। आंधी व बारिश से मंगलवार देर शाम शहर की बिजली उड़ गई। सभी सबस्टेशन पर 33 केवी की लाइन को बंद कर दिया गया। फाल्ट से डेलापीर, डोहरा रोड, महानगर, हारुनगला, डीडीपुरम आदि इलाकों में बिजली गुल हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह तार टूट गए, जिससे आपूर्ति बाधित हुई। शहर में जंफर, बॉक्स उड़ने के साथ ही इंसूलेटर पंचर हुए। कई उपकेंद्रों की 33 केवी व 11 केवी की लाइनें फॉल्ट के कारण ब्रेकडाउन में चली गईं। उपभोक्ताओं को परेशानी से जूझना पड़ा। किला, सुभाषनगर, सीबीगंज, शाहदाना और अन्य जगह पर भी लोकल फाल्ट की झड़ी लग गई। बारिश रुकने के बाद कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर आपूर्ति को बहाल कराया। कई इलाकों में देर रात तक बिजली संकट बना रहा। बदायूं रोड पर यूनीपोल गिरा, बाल-बाल बचे लोग : बदायूं रोड पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पराग फैक्ट्री के पास एक यूनीपोल आंधी में गिर गया। यह देख राहगीरों की सांसें अटक गई और कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया। गनीमत रही कि कोई वाहन चपेट मे नही आया। हादसे ने एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि शहर की सड़कों पर लगे यूनीपोल केवल कमाई का जरिया बन गए हैं और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। वीडियो वायरल होने के बाद यूनीपोल का मालिक मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से सड़क से हटा दिया। नगर निगम ने मामले में जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह मामला बीडीए के दायरे में आता है। विज्ञापन प्रभारी राजीव कुमार राठी ने बताया कि इस मामले को दिखवाया जा रहा है। अगले दो दिन तक बारिश के आसार : बरेली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 17.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान है। इससे तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं 10 अप्रैल के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। गर्म हवाएं चलने की संभावना है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *