बरेली। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और भमोरा थाने की पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 1.750 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई गई है। सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि एएनटीएफ यूनिट ने मादक पदार्थ तस्करी की सूचना थाना भमोरा पुलिस को दी। जिस पर थाने से पुलिस टीम को एएनटीएफ के साथ रवाना किया गया। संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी परमानंद उर्फ पप्पू और उसके दो पुत्र रविंद्र व यशवीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी-पुत्र बदायूं के बिनावर क्षेत्र के रहने वाले है। आरोपियों के कब्जे से 1.750 किलोग्राम हेरोइन, 950 ग्राम स्मैक बनाने मे प्रयुक्त होने वाला रंग, 87,520 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ भमोरा थाने मे एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीओ के मुताबिक आरोपी परमानंद उर्फ पप्पू ने बताया कि वह कच्चे मादक पदार्थों को केमिकल की सहायता से स्मैक एवं हेरोइन में परिवर्तित करता था। इसके बाद उसे ऊंचे दामों पर बेचता था। पाउडर की मदद से तैयार की गई स्मैक एवं हेरोइन को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया गया। इस धंधे में उसके दोनों पत्र सहयोग करते थे। वह वर्ष 2012 से अफीम से क्रूड और क्रूड से स्मैक बनाना सीख गया था। तभी से वह स्मैक और हेरोइन दिल्ली, पंजाब और आसपास के जनपदों में सप्लाई करने लगा। वह दो बार दिल्ली से एक बार बरेली से स्मैक सप्लाई करने में जेल जा चुका है।।
बरेली से कपिल यादव
