बरेली। बदायूं मे हिंदुस्तान पेट्रोलियम के असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पीलीभीत जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोक दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. केबी त्रिपाठी को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक प्रतिनिधि मंडल गठित कर हर्षित के परिजनों से मिलने के निर्देश दिए थे। इस प्रतिनिधि मंडल में बरेली से प्रदेश प्रवक्ता भी शामिल थे। डॉ. केवी त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में लगातार हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। गुंडे और माफिया खुलेआम घूम रहे है। बीते दिनों बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सहायक प्रबंधक हर्षित मिश्रा और उनके साथी की संस्थान के अंदर हत्या कर दी गई थी। जबकि कुछ दिन पहले हर्षित ने पुलिस को अवगत करा दिया था कि उनके साथ अनहोनी हो सकती है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि हत्या के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति से योगी सरकार को वर्खास्त किए जाने की मांग की। यह जानकारी कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जिया उर रहमान ने दी है।।
बरेली से कपिल यादव
