बरेली। जनपद की गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस का भंडारण है। इसके वावजूद गैस संकट को लेकर हल्ला मचा है। गैस की कालाबाजारी या ओवर रेटिंग की हकीकत परखने के लिए डीएम अविनाश सिंह सहित एडीएम एफआर, एडीएम सिटी, एसडीएम व डीएसओ आदि अफसरों ने गैस एजेंसियों पर छापेमारी की। गैस एजेंसियों में ऑनलाइन स्टॉक देखने के वाद उसका गोदाम के स्टॉक से मिलान किया। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली। डीएम ने गैस एजेंसी पर सिलेंडर बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं से भी संकट को लेकर वातचीत की, लेकिन सभी ने गैस मिलने की बात कही। डीएम का कहना है कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस का भंडारण है। लगभग सभी एजेंसियों पर दो दिन मे अधिकारियों ने स्टॉक चेक कर लिया है। शुक्रवार को सभी एजेंसियों पर एसडीएम, सीओ, बीडीए, इंस्पेक्टर आदि अफसरों ने जांच की। शनिवार को सभी एडीएम, डीएसओ, सीओ आदि अफसरों ने एजेंसियों और गोदामों के स्टॉक का मिलान कराया है। डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस मिल रही है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि कोई वृद्ध महिला या पुरुष उपभोक्ता बुकिंग कराने आते हैं तो उनके घर पर सीधे सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था करे। डीएम ने एडीएम सिटी सौरभदुबे के साथ इंडेन और एचपी की एजेंसियों का निरीक्षण किया। इधर, एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह ने पीलीभीत वाईपास रोड स्थित लता इंडियन गैस, शहामतगंज स्थित मलका इंडियन गैस सर्विस, हार्ट मन कॉलेज रोड स्थित रुहेलखंड इंडेन गैस का निरीक्षण किया। गोदाम भी चेक किए। गोदाम पर मौजूद गैस सिलेंडर के स्टॉक का गैस एजेंसी से प्राप्त ऑनलाइन स्टॉक से सत्यापन किया। सत्यापन में स्टॉक सही मिला। एडीएम ने एजेंसी संचालकों से कहा है कि यदि गैस एजेंसी के विरुद्ध ओवर रेटिंग संबंधी कोई भी शिकायत प्राप्त हुई तो एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह और आपूर्ति लिपिक आशीष कुमार मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
