* पंचायती राज चुनाव की तैयारियों पर भी की चर्चा
* लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निस्तारण,योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं
राजस्थान/बाड़मेर – अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों, राजस्थान संपर्क पोर्टल एवं आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने आगामी पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर बैठक में चुनाव संबंधी तैयारियों पर चर्चा करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित करने, संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने क निर्देश दिये।
उन्होने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिये कि प्रत्येक मतदान केन्द्र की जांच करा आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों एवं परिवादों की समीक्षा करते हुए उन्होने आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं बरतें, बल्कि परिवादी की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करें। विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दें।
आगामी पंचायती राज चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने तथा आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वीप कार्यक्रम के तहत जिलेभर में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धन सिंह महेचा, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ उम्मेदाराम, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
