बरेली। खाड़ी क्षेत्र मे ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब मे उमरा करने गए आजमीन सकुशल वतन लौट आए। उनके घर पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से परिवार वाले उनकी सलामती को लेकर चिंतित थे। आजमीन ने बताया कि 32 लोगों का जत्था सऊदी से इंडिया उड़ान भरने ही वाला था कि एयर इंडिया फ्लाइट अचानक रद्द हो गई। इसके बाद मुंबई तक सऊदी एयरलाइंस से आए। उधर, खाड़ी क्षेत्र मे बढ़ते तनाव के कारण कई भारतीयों के ईरान मे फंसे होने की भी खबरें सामने आ रही है। ऐसे हालात मे उमरा कर लौटे लोगों के सुरक्षित वापस आने से परिवारों ने राहत की सांस ली है। बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खां वारसी ने बताया कि आमिर बेग, हाजी सूबे खान, रईस बेग, हाफिज अरशद सहित कई लोग 10 फरवरी को उमरा के लिए सऊदी अरब गए थे और 2 मार्च को सकुशल वापस लौट आए। उन्होंने बताया कि हाफिज इमरान रजा बरकाती समेत अन्य लोग भी उमरा के लिए गए थे, जो अब वापस आ चुके है। आजमीनों की सुरक्षित वापसी पर उनके परिवार और जानने वालों में खुशी का माहौल है। उमरा से लौटे हाफिज इमरान रजा बरकाती ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र मे तनाव की खबरों के बीच परिजन लगातार फोन और मैसेज के जरिये उनसे हालचाल लेते रहे। बहुत मुश्किल से सऊदी अरब से इंडिया तक आए। मेरे साथ 32 जायरीन थे। सबसे पहले एयर इंडिया फ्लाईट रद्द हो गई। बाद मे अनाउंसमेंट हुआ कि सऊदी एयरलाइंस इंडिया जाएगी जो भी जायरीन उस फ्लाइट से जाने के इच्छुक हो एंट्री कराएं। सभी अपने घर वालों से बात कर उन्हें अपनी सलामती की जानकारी देते रहे।।
बरेली से कपिल यादव
