बरेली। ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबरों के बाद बरेली समेत जिले भर मे शिया समुदाय मे शोक की लहर दौड़ गई। रविवार की देर शाम को समुदाय के लोगों ने पैदल मार्च निकालकर मातम किया और जोरदार नारेबाजी की। हाथों में अमेरिका, इजरायल के खिलाफ लिखी तख्तियां लेकर निकले। कड़ी पुलिस सुरक्षा में जुलूस निकला। शिया समुदाय के रजमी नकवी ने बताया कि रविवार को शाम 7:30 बजे पैदल मार्च की शुरुआत शहर की किला स्थित शिया जामा मस्जिद से हुई। जुलूस तिलक इंटर कॉलेज तिराहे से होते हुए छीपीटोला में काला इमामबाड़ा तक पहुंचा। रास्ते भर लोगों ने गम का इजहार किया और अमेरिका व इजरायल के खिलाफ नारे लगाए। मार्च की सदारत इमाम हसीन हैदर नकवी, मौलाना परवेज और मौलाना शम्सुल हसन खां की अगुवाई मे हुई। सेंथल मे निकाला मातमी जुलूस, दुकानें रखीं बंद: सेंथल। अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर शिया समुदाय ने गम का इजहार करते हुए मातमी जुलूस निकाला। इसमें चेयरमैन कम्बर एजाज शानू, शहाबुल हसन, अथर अब्बास अल्वी, फरोग हैदर, वाहिद अली, कमर अब्यास, जामिन नकवी, मगन जैदी, शोबी आदि लोग रहे। शांतिपूर्ण माहौल मे निकाले विरोध जुलूस: बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजयी बरेलवी ने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत से मुस्लिम जगत को बड़ा नुकसान पहुंचा है। रविवार को मौलाना शहाबुद्दीन ने वीडियो जारी कर सभी लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस निकालें। अमन व शांति के साथ विरोध करें। शहाबुद्दीन ने केंद्र सरकार से अरब देशों और ईरान में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वतन वापसी कराने की व्यवस्था करने का आग्रह भी किया।।
बरेली से कपिल यादव
