बाड़मेर में मॉक ड्रिल के दौरान विभागों के बीच बेहतरीन तालमेल- राजेंद्र सिंह चांदावत

राजस्थान/बाड़मेर- आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए बाड़मेर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को रोडवेज बस स्टैंड पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के दौरान बस स्टैंड पर आगजनी की काल्पनिक स्थिति पैदा की गई l ताकि वास्तविक आपातकाल में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। आगजनी की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस टीम, नगर परिषद के अग्निशमन वाहनों के साथ अन्य संबंधित विभागों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान दमकलकर्मियों ने तेजी से फायर फाइटिंग उपकरणों का इस्तेमाल कर स्थिति को नियंत्रित किया, जबकि बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रदर्शन किया।

इस दौरान मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह,उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, शहर कोतवाल मनोज परिहार समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे l इस दौरान बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और यात्री जमा हो गए, जिससे भीड़ प्रबंधन, जन जागरूकता और सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी प्रभावी जांच हुई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि यह मॉक ड्रिल विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, रेस्क्यू कार्य की गति और तत्परता को परखने के लिए किया गया। ऐसे नियमित अभ्यास से हम सुनिश्चित करते हैं कि किसी भी वास्तविक आपदा या आपात स्थिति में हमारी प्रतिक्रिया तेज, संगठित और प्रभावी रहे। इस दौरान राजकीय चिकित्सालय में भी आपातकालीन स्थिति में की जाने वाली समुचित चिकित्सा सेवाओं एवं सुविधाओं की जांच की गई l इसके लिए संबंधित प्रभारी अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *