बरेली। लालफाटक ओवरब्रिज के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड को कुचल दिया। हादसे मे गार्ड की मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी की मदद से ट्रक की पहचान करने मे जुटी है। कैंट पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। कैंट के गांव उमरसिया निवासी 34 वर्षीय केदार सीबीगंज स्थित फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड थे। उनके पिता लालाराम ने बताया कि सोमवार सुबह केदार बाइक से ड्यूटी जा रहे थे। लालफाटक पुल से उतरने के बाद कैंट की ओर जाते समय किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह जमीन पर गिरे और टक्कर मारने वाला वाहन सिर कुचलता हुआ गुजर गया। हादसे में केदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कैंट पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया और परिजन को सूचना दी। केदार के परिवार में पत्नी सत्यवती और दो बच्चे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। केदार के पिता ने बताया कि उनका बेटा बाइक से लालफाटक अंडरपास से निकलकर फ्लाईओवर के नीचे बनी सर्विस रोड से कैंट की तरफ जा रहा था। जहां पर पुल खत्म हुआ है। वहीं सर्विस रोड भी खत्म हो जाती है। सर्विस रोड के आगे खड़ा पेड़ हादसे की वजह बन गया। तीव्र मोड़ होने की वजह से फ्लाईओवर से तेज रफ्तार ट्रक को नही देख सका और हादसे का शिकार हो गया।।
बरेली से कपिल यादव
