शाही, दुनका, बरेली। जनपद के थाना शाही की चौकी दुनका क्षेत्र मे जेसीबी चालक ने काम कर रहे मनरेगा मजदूरों को कुचलने की कोशिश की। विरोध करने पर अभद्रता की। पुलिस रोजगार सेवक चालक को अपने साथ ले गई। इससे नाराज मनरेगा मजदूर फावड़े लेकर थाने पहुंच गए। मजदूरों से पूछताछ कर पुलिस ने रोजगार सेवक को छोड़ दिया। गांव गनेशपुर मे सोमवार सुबह मनरेगा मजदूर सत्यपाल के खेत से गूल तक मिट्टी डालने का कार्य कर रहे थे। मजदूरों का आरोप है कार्यस्थल के नजदीक भट्टे पर काम कर रही जेसीबी के चालक ने उनको कुचलने की कोशिश की। उन्होंने चकरोड से छलांग लगाकर जान बचाई। विरोध करने पर चालक ने मजदूरों से गाली गलौज की। मजदूरों ने रोजगार सेवक राम विकास को मामले की सूचना दी। रोजगार सेवक ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। सूचना पर पुलिस रोजगार सेवक व जेसीबी चालक को थाने ले गई। रोजगार सेवक को ले जाने से आक्रोशित मजदूर नेपाल, रामप्रकाश, देवेंद्र कुमार समेत 50 मजदूर फावड़े लेकर ट्रैक्टर ट्राली से शाही थाने पहुंच गए। मजदूरों ने एसओ को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने रोजगार सेवक को छोड़ दिया। एसओ राजेश कुमार बैंसला ने बताया जेसीबी चालक और मजदूरों मे कहासुनी हुई थी। जिसमे मुजीबुर रहमान निवासी मोहल्ला अगवाड़ा शीशगढ़, आदेश निवासी मधुकरपुर शेरगढ़ महिपाल, मनोहर सिंह निवासी गनेशपुर के खिलाफ 151 की कार्रवाई की गई है।।
बरेली से कपिल यादव
