फरीदापुर चौधरी मे तौकीर रजा के करीबी के बारातघर पर चला बुलडोजर

बरेली। प्राधिकरण (बीडीए) ने मंगलवार को आईएमसी नेता मौलाना तौकीर रजा के करीबी सपा के पूर्व पार्षद वाजिद बेग का फरीदापुर चौधरी में स्थित बेग बरातघर के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई बुधवार को भी जारी रह सकती है। आई लव मुहम्मद के पोस्टर विवाद को लेकर शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद से ही आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। बरेली मे 26 सितंबर को हुए बवाल के आरोपियों और मौलाना तौकीर के करीबियों की अवैध संपत्तियों पर फिर से कार्रवाई शुरू हो गई है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी में पूर्व सपा पार्षद वाजिद बेग के अवैध बेग मैरिज होम पर मंगलवार को बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई। सुबह 10 बजे बीडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस की टीमों को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। इसके करीब एक घंटे बाद तीन बुलडोजर और एक पोकलेन मशीन से बेग बारातघर के बाहरी हिस्से को ढहाने का काम शुरू किया गया। शाम छह बजे अंधेरा हो जाने के कारण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोक दी गई। बीडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण का करीब 40 फीसदी हिस्सा ढहा दिया गया है। शेष हिस्से को गिराने के लिए बुधवार को फिर से बुलडोजर चलाया जाएगा। बीडीए के अधिकारियों ने बताया कि वाजिद बेग का यह बारातघर करीब 1200 वर्ग मीटर में बनाया गया है और इसकी लागत तीन करोड़ से अधिक है। निर्माण करने से पहले बीडीए से इसका नक्शा पास नहीं कराया गया था। बीते छह अक्टूबर को प्राधिकरणने बारातघर को अवैध बताते हुए इसे सील कर दिया था। इसी क्रम में मंगलवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बारातघर के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल जरूर बढ़ी लेकिन पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *