आंवला, बरेली। सीडीओ ने सोमवार को आंवला-अलीगंज-गैनी मार्ग का निरीक्षण किया। 21 फरवरी की डेटलाइन करीब होने के बाद भी पुलियों पर एक्सटेंशन कार्य, नालों का निर्माण नही हुआ है। सीडीओ ने एक्सईएन राजीव अग्रवाल को समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। भमोरा शाहबाद-बिलारी मार्ग पर पटरी निर्माण अधूरा मिलने पर नाराजगी जताई। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड 1 आंवला-अलीगंज-गैनी मार्ग का निर्माण कर रहा है। सोमवार को सीडीओ देवयानी यादव ने किमी 1 से 14 तक का चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। सड़क पर कट लगवाकर गुणवत्ता की परख की गई। आबादी वाले इलाके में अतिक्रमण पाया गया। पुलियों पर एक्सटेंशन का कार्य नही हुआ है। शोल्डर, समतलीकरण और स्लैब निर्माण धीमा है। आबादी क्षेत्र मे नाला और इंटरलाकिंग का काम भी बचा है। सीडीओ ने अतिक्रमण हटाकर नाले एवं पटरियों के निर्माण के निर्देश दिए। तकनीकी अधिकारी एक्सईएन आरईडी विनय कुमार शर्मा के साथ ही पीडब्लूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। सीडीओ ने भमौरा शाहबाद- बिलारी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पटरी कार्य अपूर्ण मिला। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कलवर्ट्स के एप्रोच का सुदृढ़ीकरण, अवशेष नाली, इंटरलॉकिंग, टाइल्स तथा अन्य अवशेष कार्यों को डीपीआर में निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्धारित समय में पूर्ण कराने का निर्देश दिया।।
बरेली से कपिल यादव
