बरेली। वाराणसी मे वकीलों के साथ दुर्व्यवहार और वकीलों के खिलाफ ही मामला दर्ज किए जाने के विरोध में बार काउंसिल ऑफ यूपी के आह्वान पर सोमवार को बरेली बार एसोसिएशन ने कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के बाद डीएम को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन देने पहुंचे। डीएम के न मिलने पर अधिवक्ता नाराज हो गए और उन्हीं को ज्ञापन देने की जिद करते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान एडीएम सिटी सौरभ दुबे ज्ञापन लेने पहुंचे लेकिन उन्हें ज्ञापन नही दिया। अधिवक्ता करीब पौने दो घंटे तक धरने पर बैठे। इस दौरान कोतवाली इंस्पेक्टर भी टीम के साथ पहुंचे। जब डीएम वहां पहुंचे और ज्ञापन लिया तब धरना समाप्त हुआ। वाराणसी मे पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर किये जा रहे उत्पीड़न से नाराज अधिवक्ता सोमवार को बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज हरित, सचिव दीपक पांडेय के नेतृत्व मे कचहरी से एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए करीब एक बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम के न होने पर ज्ञापन लेने के लिए एडीएम सिटी पहुंचे तो वकीलों ने उन्हें ज्ञापन देने से इन्कार कर दिया। अधिवक्ताओं ने कहा कि डीएम को ज्ञापन देने आए है जब तक वह लेने नही आयेंगे। तब तक कलेक्ट्रेट से नहीं जाएंगे। इसके बाद वकीलों ने कलेक्ट्रेट गेट पर धरना प्रदर्शन किया। वही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मे बार एसोसिएशन ने प्रदेश में वाराणसी समेत कई जिलों में वकीलों के उत्पीड़न का मामला उठाया। वाराणसी मे 50-60 वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया, जबकि वकीलों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। सचिव ने कहा कि वाराणसी में वकीलों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और वकीलों के खिलाफ दर्ज मामला वापस लिए जाने तक बार शांत नही बैठेगी। इसके बाद वकीलों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि वकीलों के उत्पीड़न और उनके प्रति दुर्व्यवहार पर प्रभावी रोक लगाई जाए। अन्यथा की स्थिति में प्रदेश भर के अधिवक्ता व्यापक स्तर पर कानूनी और संवैधानिक रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान बार काउंसिल सदस्य शिरीष मेहरोत्रा, शशिकांत शमां, ज्वाला प्रसाद गंगवार, अमजद सलीम, शेर सिंह गंगवार, अमित बिसारिया, क्षितिज यादव, रोहित यादव, आमिर खान, धर्मवीर सिंह, जबर सिंह यादव, उदयवीर सिंह, हरीश आजाद, मोविन अंसारी, विशाल यादव, शशि शंकर सक्सेना, अरुण यादव, मो. आमिर खान, मध्यम सक्सेना, प्रेरणा सिंह आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
