बरेली। नाथ नगरी में जन्माष्टमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मंदिरों मे भगवान कृष्ण के दरबार की भव्य सजावट की गई। रात 12 बजते ही मंदिरों व घरों में नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… जयकारे गूंज उठे। बाल कृष्ण का अभिषेक कर पूजन किया गया। इसके बाद महाआरती की गई। मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। शहर मे रामायण मंदिर, हरि मंदिर, बांकेबिहारी मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, पवन विहार स्थित पशुपति नाथ मंदिर, ग्रीन पार्क स्थित देवी मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर आदि में कृष्ण जन्म व पूजन का साक्षी बनने सैंकड़ों भक्तों की भीड़ उमड़ी। बांके बिहारी मंदिर में विदेशी गुलाब, रजनीगंधा व जिपसो के पत्तों से भव्य सजावट की गई थी। जहां बांके बिहारी का मनमोहक रूप सजाया गया। वहीं सनातन धर्म मंदिर में रंग-बिरंगी लाइटों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां कृष्ण जन्म पर खीरा काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। 12 बजते हुई मंदिरों में भव्य आरती की गई। मंदिरों में राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं की सजावट भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। बांके बिहारी मंदिर में भीड़ को देखते हुए रोड ब्लाक किया गया। वहीं, मंदिरों में पूजन के बाद महिला मंडलों ने नंद के आनंद भयो, यशोदा मैया को दे दो बधाई, गोविंद मेरो है गोपाल मेरो है… आदि बधाई गीत गाए। मंदिरों पंजीरी, फल, मिठाई, दही, मक्खन आदि का प्रसाद के रूप में वितरण किया गया। बही बरेली के हरि मंदिर में जन्माष्टमी पर 65 वें वार्षिक महोत्सव की शुरुआत धूमधाम से हुई। मंदिर परिसर की भव्य सजावट की गई। अलबेली सरकार राधा-कृष्ण की सुंदरता ने सभी भक्तों को अपनी ओर आकर्षित किया। मंदिर में शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत श्री हरि संकीर्तन मंडल ने की। इसके बाद बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम नृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। मंदिर प्रांगण में कृष्ण प्रतिमा का भव्य श्रृंगार व पुष्प सज्जा भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कृष्ण को सजाने के लिए वृंदावन धाम से पोशाके व अन्य वस्त्र लाए गए थे। आचार्यों ने दिव्य स्नान कराया। सांस्कृतिक बाल नृत्य में 178 बच्चों ने प्रस्तुति दी। तेरी वीणा की बन जाऊं तान, राम का परचम लहरा कर आए हैं, नन्हें नन्हें घुंघरू छोटे से श्याम्, नटखट नटखट जमुना के तट पर, अधरम-मधुरम आदि भजन गाए गए। इसके बाद पुरस्कार वितरित किए गए। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा, नीलम साहनी, रेनू छाबड़ा, नेहा आनंद, कंचन अरोड़ा नीलम लुनियाल, निशा लखानी, सीमा तनेजा, अश्वनी ओबेरॉय, संजय आनंद, योगेश ग्रोवर, गोविंद तनेजा आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव