एक घंटा 40 मिनट बरेली मे रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, फिर गोरखपुर होंगी रवाना

बरेली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को बरेली को एक घंटा 40 मिनट रहेंगी। आईवीआरआई के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर द्रौपदी मुर्मु हिस्सा लेंगी। शनिवार को राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट प्रोग्राम जारी कर दिया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर एयरफोर्स से लेकर आईवीआरआई तक रूट पर रिहर्सल भी की। राष्ट्रपति के प्रोग्राम को लेकर कई दिन से तैयारियां चल रही है। आईवीआरआई के साथ-साथ राष्ट्रपति के रूट पर तैयारियां चल रही है। शनिवार को राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा कंफर्म हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बरेली में एक घंटा 40 मिनट तक रुकेंगी। सुबह 9 बजे दिल्ली से राष्ट्रपति बीबीजे वायुयान के जरिए बरेली के लिए रवाना होंगी। सुबह 9:50 राष्ट्रपति त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचेंगी। यहां राष्ट्रपति का स्वागत मुख्यमंत्री के साथ कई नेता-अधिकारी करेंगे। यहां से राष्ट्रपति सीधे कार से आईवीआरआई रवाना हो जाएंगी। सुबह 10:10 से 11:10 बजे तक राष्ट्रपति आईवीआरआई में रहेंगी। सुबह 11:30 बजे द्रौपदी मुर्मु बीबीजे वायुयान से गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगी। शनिवार को दिन मे कई बार डीएम, एसएसपी के साथ अन्य पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने आईवीआरआई कैंपस की तैयारियां परखीं। डॉग स्क्वॉयड ने भी ऑडिटोरियम में हर चीज चेक की। वरिष्ठ अफसरों ने दोपहर में आईवीआरआई के ऑडिटोरियम में करीब घंटेभर तक कई विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। वहीं देर शाम डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य फिर कैंपस पहुंचे और पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ ऑडिटोरियम के दरवाजे बंदकर गोपनीय बैठक की। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने को लेकर बरेली के अफसरों पर दिल्ली और लखनऊ से भी प्रेशर है। यही वजह है कि शनिवार को डीएम, एसएसपी के अलावा एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह आदि अफसरों का दिनभर डेरा जमा रहा। पीसीएस रैंक के कई अफसर दोपहर को आईवीआरआई पहुंच गए, लेकिन रात तक कैंपस में ही जमे रहे। दीक्षांत समारोह के लिए ऑडिटोरियम में की जा रही तैयारियों में एक-एक चीज अफसरों की निगरानी में की जा रही है। कैंपस में सुरक्षा अभी से सख्त कर दी है। एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय साहनी भी आईवीआरआई कैंपस में हो रही तैयारियां परखने पहुंचे। अफसरों ने डीएम, एसएसपी, सीडीओ देवयानी सिंह और एसपी सिटी मानुष पारीक के साथ सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। अतिथि दीर्घा, वीवीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, एंट्री एग्जिट प्वाइंट्स और आपातकालीन रिस्पॉन्स की व्यवस्थाएं देखी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *