बरेली। जनपद मे लगातार हो रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने वाली है। रविवार से मौसम विभाग ने बरेली समेत आसपास के इलाकों में तेज बरसात होने की संभावना जताई है। विभाग की ओर से छह दिन का यलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी की ओर से अपडेट में कहा गया है कि रविवार से बरेली समेत आसपास के जिलों में एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा। रविवार से गरज चमक के साथ तेज बरसात होगी। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने एक नए निम्न दबाव क्षेत्र के कारण पूरे उत्तर प्रदेश मे मानसूनी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। बरेली मे विशेष रूप से अगले 48 से 72 घंटों के दौरान, मूसलाधार बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.7 व न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। घर की खिड़कियां-दरवाजे बंद कर लें। यात्रा के दौरान सतर्क रहें। तेज हवा चले तो पेड़ या टिन के नीचे खड़े न हों। कंक्रीट की फर्श पर न लेटें, कंक्रीट दीवारों का सहारा न लें। बिजली चमकने पर विद्युत उपकरणों को अनप्लग कर दें। नदी, तालाब की ओर न जाएं। पशुओं को पेड़ के नीचे न बांधें। निचले इलाकों, सुरंगों से गुजरने के दौरान सावधानी बरतें। बरेली में प्री-मानसून की पहली बारिश ने 12 साल बाद महज चार घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड बनाया। मानसून का दौर शुरू होने के दो सप्ताह में ही सामान्य से 130 मिमी ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बनाया है। विशेषज्ञ ने मौसम का मिजाज वर्ष 2013 के सापेक्ष बताया है।।
बरेली से कपिल यादव