बरेली। गुरुवार को निकाय चुनाव को लेकर बरेली के नैनीताल रोड स्थित एक निजी होटल मे ब्रज क्षेत्र के कई कद्दावर नेताओ ने समीक्षा बैठक की। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने तीन सत्रों में बैठक ली। इसमें भाजपा सांसदों, विधायक और पदाधिकारियों को महायोजना की जानकारी दी गई। केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा ने महायोजना तैयार की है। पूरे प्रदेश में 30 मई से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पर सभी कार्यकर्ता गंभीरता से जुटें। इसकी रिपोर्ट प्रदेश व राष्ट्रीय संगठन तक जाएगी। इन अभियानों की सफलता सांसदों के रिपोर्ट कार्ड में भी शामिल होगी। 30 मई को इस अभियान का शुभारंभ रैली के साथ होगा। जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर विशेष कार्यक्रमों के जरिये केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। हर लोकसभा क्षेत्र में दो राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को इस अभियान का प्रभारी बनाया जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल के साथ संगठन के दिग्गज नेता हार के कारणों की पड़ताल करने को कहा। जिन मंत्री, सांसद और विधायकों के क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों को हार मिली है। शीर्ष नेतृत्व ने उनकी रिपोर्ट जिलाध्यक्षों से मांगी है। हार की समीक्षा के लिए आननफानन ब्रज क्षेत्र कार्य समिति की बैठक भी बरेली में तय कर दी गई। बैठक में मिशन 2024 के परिप्रेक्ष्य में मौजूदा स्थिति पर चर्चा के साथ ब्रज क्षेत्र मे कमजोर प्रदर्शन और उसकी भरपाई के लिए कार्ययोजना पर मंथन किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि इन अभियानों में असल में काम होना है। कही भी कोई खानापूरी नहीं होनी चाहिए। ईमानदारी से जनता तक पहुंचना और उन तक अपनी बात पहुंचाना ही हमारा एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि विशेष अभियान के तहत हमें हर मतदाता तक पहुंचना है। उन्हें बताना है कि मोदी-योगी सरकार ने चुनाव में जो संकल्प लिए थे, उन्हें पूरा किया है। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, सांसद संतोष गंगवार सहित सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।।
बरेली से कपिल यादव
