बरेली। भ्रष्टाचार लोगों में इस कदर समा चुका है कि आए दिन कही-न- कही मामला उजागर होता रहता है। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी चकबंदी तृतीय रणधीर सिंह को एक किसान से 50 पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों पकड़ा। जानकारी के अनुसार रोशन लाल गांव गजनेरा थाना भुता तहसील फरीदपुर ने बताया कि पिछले वर्ष जनवरी से उसका जमीन से जुड़े विवाद का मुकदमा क्षेत्र अधिकारी चकबंदी तृतीय रणधीर सिंह के यहां विचाराधीन था। क्षेत्राधिकारी चकबंदी तृतीय पीड़ित को रिश्वत के लिए परेशान कर रहा था। उसने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी लेकर पिछले दिनों उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान बरेली (विजिलेंस) के अधिकारियों को क्षेत्र अधिकारी चकबंदी के बारे मे बताया। रणधीर सिंह ने पीड़ित किसान से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी लेकिन पीड़ित ने असमर्थता जताते हुए मना कर दिया। जिस पर इन्होंने पीड़ित से दोबारा संपर्क किया और 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर देने की बात कही।जिसकी सूचना किसान ने विजिलेंस टीम को दी। जिस पर टीम ने दोपहर लगभग तीन बजे किसान से पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए क्षेत्राधिकारी चकबंदी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान दफ्तर मे खासी गहमागहमी हो गई। अधिकारियों ने कुछ समय तक दफ्तर में इस मुकदमे से संबंधित पत्रावली आदि रिकॉर्ड के जांच की। आरोपी को ई रिक्शा से लेकर टीम बाहर आई और फिर गाड़ी से विजिलेंस ऑफिस ले जाया गया। वहां उनके खिलाफ विजिलेंस थाने मे रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एसपी विजिलेंस अरविंद कुमार ने बताया कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में राजपत्रित अधिकारी पर आरोप था। टीम ने जांच के बाद कार्रवाई की जा आरोप सही पाया गया, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है।।
बरेली से कपिल यादव
