बरेली। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त 2022 तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम मनाया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिला अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम की पूरी तैयारी समय से कर लिया जाए। कार्यक्रम के लिए संबंधित अधिकारियों को जो जिम्मेदारियां दी गई है। उनके अनुसार समस्त तैयारियां समय से पूर्ण करा ले। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जाग्रत करते हुए स्वतन्त्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान भाव उजागर करना है। उन्होंने जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देश दिए जिला स्तर व तहसील स्तर, तथा ब्लाक स्तर अैर ग्राम पंचायत स्तर पर एक कमेटी का शीघ्र गठन किया जाये। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि तिरंगा झण्डे मानक अनुसार ही बनवाये जायें उसमें किसी प्रकार की त्रुटि न होने पाए। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारियों को ब्लाक स्तर पर झण्डा बनाने हेतु मशीनों को चिन्हित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिकों को अपने आवास व स्कूल तथा सरकारी कार्यालयों में सम्मान के साथ झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुए झण्डा फहराना व लगाना है। उन्हांने कहा कि फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर की तरफ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल विशेष परिस्थितियों में ही झण्डा रात्रि में फहराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हर घर झण्डा विधिवत तरीके से लगाया जाना चाहिए। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, समस्त उप जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त सुशील कुमार, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी रिजवान अहमद, जिला विकास अधिकारी चन्द्र प्रकाश, जिला पंचायती राज अधिकारी धर्मेंन्द्र कुमार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव