रामनगर, बरेली। प्रेम प्रसंग के विरोध मे बेटी की हत्या करने के आरोपी पिता को सिरौली पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में दो आरोपी फरार है। बेटी के प्रेम संबंधों पर पिता की इतनी नाराजगी बढ़ गई कि उसने छह अप्रैल को मौसेरे भाई और भतीजे की मदद से उसकी गला घोटकर हत्या कर दी और फिर डीजल डालकर लाश जला दी। युवती के गायब रहने पर गांव में हत्या होने की चर्चा होने लगी। ग्रामीणों के जरिए मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया सिरौली के ग्राम धर्मपुरा के रहने वाले मंगली यादव की बेटी का गांव के खूबचंद के साढू के बेटे मुनेंद्र के साथ प्रेम संबंध था। इसको लेकर उन्होंने बेटी को समझाया मना किया। लेकिन वो नहीं मानी। पांच अप्रैल को आधी रात को मंगली ने अपने मौसेरे भाई मुरादाबाद में बिलारी थाने के इमरतपुर गांव के रहने वाले वीरेंद्र उर्फ नेताजी और अपने भतीजे मंजू यादव पुत्र गुलफान सिंह को घर पर बुलाया। बेटी की सोते समय चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को अरिल नदी के पास अपने खेत मे डीजल छिड़क कर आग लगा दी। इसके बाद उन्होंने लड़की की राख को नदी मे बहा दिया था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस पूछताछ मे अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
