आखिरकार मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिया इस्तीफा:लग सकता है राष्ट्रपति शासन

आज आठ नवंबर को महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर सुबह से ही मुंबई में भाजपा और शिवसेना के बीच जबरदस्त हलचल रही | राजनीति के पंडितों को यह अनुमान था कि शायद शाम होते-होते सरकार के गठन को लेकर कोई नतीजा निकल आएगा | लेकिन ऐसा हो नहीं सका आखिरकार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है | अब महाराष्ट्र धीरे-धीरे राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ रहा है ! कल यानी 9 नवंबर को सरकार बनाने का आखिरी मौका है | अगर कल सरकार का गठन नहीं होता है तो राष्ट्रपति शासन लगना तय माना जा रहा है | हालांकि कोई भी दल यह नहीं चाहता है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगे और दोबारा चुनाव हो | देवेंद्र फडणवीस ने आज राज्य के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया | 9 नवंबर को मौजूदा सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है | वैसे आज शाम को शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे एक प्रेस वार्ता भी करने वाले हैं | बस यही उम्मीद बची है कि इसमें शायद कोई निष्कर्ष निकल आए, लेकिन उम्मीद कम ही बची है |

प्रदेश के मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी दिया इस्तीफा—

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी इस्तीफा दे दिया | क्योंकि सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है, ऐसे में देवेंद्र फडणवीस का इस्तीफा दिया जाना एक तकनीकि प्रक्रिया है | अभी तक सरकार बनाने को लकर स्थिति साफ नहीं है | उधर खबर है कि भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के जरिए शिवसेना से बातचीत करने की कोशिश कर रही है | बीजेपी के लिए वे आखिरी उम्मीद हैं कि वे शिवसेना को मना लेंगे | अब देखना होगा नितिन गडकरी इसमें कितना सफल हो पाते हैं | दूसरी ओर भाजपा पिछले 2 दिनों से शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से बात करने की कोशिश कर रही है लेकिन उद्धव किसी से बात नहीं कर रहे हैं | जो भी हो इस बार विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद महाराष्ट्र में सरकार का गठन न हो पाना महाराष्ट्र राजनीति के इतिहास में बहुत लंबे समय तक याद रखा जाएगा |

शंभू नाथ गौतम, वरिष्ठ पत्रकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।