बिहार/पटना – राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव की सगाई बुधवार हुई। सगाई महागठबंधन सरकार में मंत्री रहे चंद्रिका राय की बेटी व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पौत्री ऐश्वर्या से हुई। पटना के होटल मौर्या में होने वाले एक समारोह में दोनों परिवार तथा उनके करीबी लोग शामिल हुए। तेजप्रताप और ऐश्वर्या ने एक दूसरे को अंगूठी पहनाई। सगाई के बाद एक ट्वीट कि इस मौके पर वे अपने पिता लालू यादव को मिस कर रहे हैं।
तेजप्रताप और ऐश्वर्या की सगाई दोपहर 12 के करीब शुरू हुई। तेजप्रताप ब्लू कलर का सूट पहन सगाई करने पहुंचे। उनके साथ उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव, सभी बहनें, जीजा और मां राबड़ी देवी भी मौजूद रहे। वहीं ऐश्वर्या सी ग्रीन कलर का जड़ी वर्क वाला लहंगा पहनी हुई थी। तेजप्रताप यादव को धर्म-कर्म में विशेष लगाव है, इसलिए शुभ मुहूर्त पर सगाई की गई। विधि-विधान के साथ पूजा की गई। उसके बाद दुल्हन ऐश्वर्या आयी। तेजप्रताप की मां राबड़ी देवी ने उन्हें तिलक लगाया। सभी विधि विधानों के साथ सगाई की रस्म पूरी की गई है। इसके बाद तेजप्रताप और ऐश्वर्या ने एक दूसरे को अंगूठी पहनायी। इसके बाद तमाम बड़े लोगों का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर राबड़ी देवी ने कहा कि पहली बार हमारे घर में बहू आ रही है। खुशी का माहौल है। यदि लालू जी इस पल हमारे साथ होते तो महौल और अधिक खुशी भरा हो जाता। उम्मीद है कि वे शादी में मौजूद रहेंगे।
सगाई में शामिल होने पहुंची तेजप्रताप की बड़ी बहन मीसा भारती ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी का पल है। यदि हमारे पिता लालू यादव भी इस मौके पर मौजूद होते तो और अच्छा लगता। उनकी कमी खल रही है। सगाई के बाद तेजप्रताप ने भी ट्वीट किया- मिस यू पापा.।
-नसीम रब्बानी, पटना/ बिहार