बरेली। कटघर स्थित ग्राम जसौली में (वार्ड संख्या-31) में बुधवार को राज्य सरकार की बेशकीमती जमीन कब्जामुक्त कराई गई। यहां जमीन पर कब्जा करके चहारदीवारी और अस्थायी आवास के साथ ही स्विमिंग पूल का निर्माण भी कर लिया गया था। नगर निगम व प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान इसे ध्वस्त कर दिया गया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि ग्राम जसौली के गाटा संख्या 62 और 63 की लगभग 6,800 वर्ग मीटर भूमि पर स्थानीय भू-माफियाओं और निवासियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। यह जमीन राज्य सरकार की श्रेणी-10 की संपत्ति के रूप में दर्ज है। इस संबंध में मिली शिकायतों के बाद तहसील सदर की राजस्व टीम, नगर निगम के मानचित्रकार रविंद्र कुमार और अवर अभियंता विकास साहू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। जांच में सामने आया कि शमसी नाम के एक व्यक्ति ने सरकारी संपत्ति पर कब्जा कर रखा था। यह भी खुलासा हुआ कि गाटा संख्या 63 में बिब्बो बेगम और बेटों शमसुल हसन खां व मोहम्मद यूनुस खां के नाम पर श्रेणी-1 की मात्र 380 वर्ग मीटर निजी भूमि थी। लेकिन इन लोगों ने धोखाधड़ी कर अपनी छोटी सी जमीन के टुकड़े के एवज में कई बार फर्जी बैनामे कर दिए। खरीदारों को राज्य सरकार की करोड़ों रुपये की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा दिलवा दिया। अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर बने अवैध निर्माणों, बाउंड्रीवॉल की नींव और स्विमिंग पूल को ध्वस्त कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
