संसदीय कार्य मंत्री पटेल ने सर्किट हाऊस में की मूलभूत समस्याओं के समाधान की जन सुनवाई

राजस्थान/बाड़मेर- संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शनिवार को बाड़मेर सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक ली और जनसुनवाई की। उन्होंने जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल से विकास कार्यों,
फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मानसून में देरी कारण जिले में विधुत और पेयजल व्यवस्थाओं,पशुधन के लिए चारे और पानी की उपलब्धता की व्यापक समीक्षा की गई। जनसुनवाई के दौरान आमजन की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पटेल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार लक्ष्य अंत्योदय के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्षा में हुई देरी के कारण विधुत व्यवस्थाएं और पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होगी और पशुधन के लिए चारे की कमी नहीं आने दी जाएगी।

पटेल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की मूलभूत समस्याओं एवं परिवेदनाओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसेवा की भावना से कार्य करते हुए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करें। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही या उदासीनता सुशासन की अवधारणा को कमजोर करती है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक अधिकारी अपने स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करें और नागरिकों को राहत पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

पटेल ने कहा कि अधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, इससे आमजन में शासन की छवि सुदृढ़ होती है और जनता का विश्वास प्रशासन पर बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल आदेशपालक न बनें, बल्कि शासन की नीति और मंशा के अनुरूप सक्रिय भागीदारी निभाएं। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ निरंतर संवाद रखें ताकि स्थानीय समस्याओं का त्वरित एवं युक्तियुक्त समाधान सुनिश्चित किया जा सकें।

पटेल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं है, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई जैसी व्यवस्थाएं लोकतंत्र की नींव को मजबूत करती हैं और नागरिकों को सशक्त बनाती है।

पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सड़क,
रोड़ लाइट्स, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसी बुनियादी सेवाएं प्रत्येक नागरिक का मूलभूत अधिकार हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि इन सेवाओं की नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस दौरान विधायक बाड़मेर डॉ प्रियंका चौधरी,विधायक चौहटन आदूराम मेघवाल, जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, उपखण्ड अधिकारी यशार्थ शेखर, समाजसेवी अनंतराम बिश्नोई, दीपक कड़वासरा, रमेशसिंह इन्दा, बाड़मेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु भगवान चौधरी, अम्बा लाल जोशी, सुरेश मोदी, देवीलाल कुमावत,सवाई कुमावत, महावीर सिंह चूली सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *