शारीरिक ही नहीं, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य भी जरूरी : अयोध्या प्रसाद गौड

व्यक्ति तभी स्वस्थ कहलाता है, जब वह शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से फिट हो

राजस्थान/बाड़मेर – स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वेदांता ऑयल एंड गैस केयर्न की ओर से मंगलवार को आदर्श स्टेडियम में वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन के तहत प्रोमोरन का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और वेदांता ऑयल एंड गैस के अधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान नियमित व्यायाम, अनुशासन और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम बिश्नोई, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महिपाल सिंह सोढ़ा, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता आसिफ रज़ा, वेदांता ऑयल एंड गैस के स्टेकहोल्डर हेड अयोध्या प्रसाद गौड़, सीएआर हेड विशाल अग्रवाल, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से मुकेश मथरानी और फुटबॉल एसोसिएशन के जिला सचिव फरससिंह मौजूद रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम बिशनोई ने कहा कि जीवन में स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। व्यक्ति तभी वास्तव में स्वस्थ कहलाता है, जब वह शारीरिक, मानसिक और सामाजिक तीनों स्तरों पर स्वस्थ हो। इस तरह के आयोजन लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। बिशनोई ने फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल करने पर वेदांता ऑयल एंड गैस का आभार व्यक्त किया और आयोजन की सराहना की।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महिपाल सिंह सोढ़ा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए अनुशासन और निरंतरता जरूरी है। केवल एक दिन दौड़ने या व्यायाम करने और फिर उसे छोड़ देने से कोई लाभ नहीं होता। फिटनेस को जीवन का मूलमंत्र बनाकर नियमित अभ्यास करना चाहिए।

जलदाय विभाग के सहायक अभियंता रज़ा ने कहा कि आज की जेनरेशन अपनी फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर काफी जागरूक है। यह जागरूक और फिट पीढ़ी ही आने वाले भारत का भविष्य है। युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती सजगता सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

वेदांता ऑयल एंड गैस के स्टेकहोल्डर अयोध्या प्रसाद गौड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का आयोजन जयपुर में होगा। ‘रन फॉर जीरो हंगर’ थीम पर आयोजित होने वाली इस मैराथन के माध्यम से देशभर में कुपोषण की समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के सामाजिक उद्देश्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के जरिए विशेषकर युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बाड़मेर के युवाओं और खेल प्रेमियों से मैराथन में भाग लेने की अपील की।

वेदांता ऑयल एंड गैस के सीएआर हेड विशाल अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान समाज के निर्माण में फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकास के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान देना भी जरूरी है। इस तरह की पहल लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम में फुटबॉल एसोसिएशन के जिला सचिव फरससिंह की मौजूदगी ने खेल और शारीरिक गतिविधियों के महत्व को रेखांकित किया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेहतर स्वास्थ्य केवल बीमारी से मुक्त रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि शारीरिक सक्रियता, मानसिक मजबूती और सामाजिक सहभागिता भी स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं।

आयोजन में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के तहत 400 मीटर ट्रैक के दो चक्कर लगाए गए। पहले राउंड में हरीश राज पुरोहित ने प्रथम, रामरख ने द्वितीय और किशन सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दूसरे राउंड में बालिका वर्ग में सरिता प्रथम, सुआ चौधरी द्वितीय और प्रियंका चौधरी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, तीसरे राउंड में रेवंत सिंह राजपुरोहित ने प्रथम, भारमल ने द्वितीय और विक्रम सोढ़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजन के अंत में तीनों राउंड के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में सिक्योरिटी टीम के गिरधर सिंह, राजाराम, ताजाराम और भंवराराम ने सहयोग किया। वहीं, बाड़मेर जन सेवा समिति की ओर से जालम सिंह राजपुरोहित, गिरधर सिंह सोढ़ा, रणजीत घारू और मुख्तियार ने सहभागिता निभाई। स्टेकहोल्डर टीम से विक्रम सिंह परमार तथा सीएसआर टीम से प्रिया शर्मा, संस्कृति परमार, दिशिका टेकरिवाल और भट्ट मोहम्मद सलमान के साथ ही सेड्रा के लोकेश उपाध्याय और रेखाराम ने सहयोग दिया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *