विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों  की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा जिला कलेक्टर के द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों, जनसमस्याओं के निस्तारण तथा आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में तेजी लाने, आपसी समन्वय बनाए रखने और आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों की तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूरी सक्रियता, गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करें। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न प्रकोष्ठों में नियुक्त अधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक स्तर पर समुचित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाई जा सके।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में किसी भी विभाग में प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए। प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसुनवाई एवं परिवादों से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा करने और उनके निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखें तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावी कार्रवाई कर आमजन को राहत प्रदान करें। बैठक में शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज, राजस्व, पुलिस, नगर परिषद, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कृषि, आयुर्वेद, पर्यटन एवं स्वायत्त शासन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, लंबित कार्यों तथा प्रशासनिक स्तर पर आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके l बैठक में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने, विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए प्रशासनिक कार्यों में गति लाएं और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करें। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धन सिंह महेचा, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ उम्मेदाराम, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *