नवाबगंज, बरेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को कस्बे में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पटेल चौक पर अपना दल कमेरावादी के नेता सुरेश पटेल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सिराथू की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि सरदार पटेल अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व के धनी थे। उन्होंने अपनी कुशल रणनीति और मजबूत संकल्प से देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। कार्यक्रम में आयोजक सुरेश पटेल के साथ पूर्व विधायक छोटे लाल गंगवार, बार अध्यक्ष शिशुपाल गंगवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पुरुषोत्तम गंगवार, अनिल गंगवार, इंजीनियर विवेक गंगवार, रामकरन लाल, शोभाराम प्रजापति, धर्मेंद्र गंगवार, सभासद टिंकू गंगवार, टंडन बाबू गंगवार और डॉ. विजय पाल गंगवार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, सरदार पटेल की जयंती पर विधायक डॉ. एमपी आर्य और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार ने समर्थकों के साथ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्वितीय नेतृत्व क्षमता, अटूट संकल्प और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना से देश को एकता के सूत्र में बांधा। अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य लेखराज गंगवार, गन्ना समिति अध्यक्ष निर्भय गंगवार, नत्थूलाल आर्य, प्रेमबाबू गंगवार, रघुवीर पटेल, ओमप्रकाश गंगवार, हरिपाल सिंह गंगवार, रोहित गंगवार, सौरभ कटियार, भानु गंगवार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। रिठौरा : नगर के दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, पीएन दीवान पब्लिक स्कूल, प्राथमिक विद्यालय रिठौरा, कलापुर, कंपोजिट विद्यालय नत्थूरंपुरा, प्राथमिक विद्यालय कलारी, कुंवरपुर बंजरिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर तथा कंपोजिट विद्यालय चेना मुरारपुर समेत क्षेत्र के तमाम शिक्षण संस्थानों में जयंती कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीएन दीवान पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार गुप्ता ने सरदार पटेल के जीवन चरित्र और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। सेंथल : अखंड भारत के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती कस्बे में धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान अनुपम पंडित विनय चौधरी, मुकेश शर्मा, गुड्डू, सुरेश पाल, असगर अली, हसन मियां, अजय मौर्य आदि मौजूद रहे। क्यारा : राजकीय हाईस्कूल तालगौटिया, क्यारा में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रभात रैली निकालकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। विद्यालय में पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रियासतों के एकीकरण में पटेल के योगदान की जानकारी दी। शिक्षक एमपी वर्मा ने उनके जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया। आयोजन में शिक्षिका राखी और वोकेशनल ट्रेनर पिलकेश यादव का सहयोग रहा।।
बरेली से कपिल यादव
