फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। विधानसभा चुनाव को लेकर लगातार सरगर्मियां तेज हो रही है। बरेली मे महज दो दिनों बाद वोटिंग होनी है। जिसे लेकर सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में तेजी से जुटी हुई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिले की सभी विधानसभा सीटों के लोगों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कासगंज में रैली के दौरान ही बरेली के मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया। उन्होंने अपने संबोधन में बरेली का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा से पूर्व की सरकारों में दंगोंं से बरेलीवासी परेशान रहते थे। बरेली को कई बार दंगों की आग में जलाया गया लेकिन, जब से योगी जी मुख्यमंत्री बने है तब से बरेलीवासी सुकून की नींद सो रहे है। प्रधानमंत्री मोदी से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि पिछले पांच सालों में बरेली क्या पूरे प्रदेश मे एक भी दंगा नहीं हुआ। भाजपा सरकार से पहले लोग गुंडो की वजह से त्योहारों में अपने घरों से नहीं निकलते थे। क्योंकि घर से निकलते ही उनके साथ लूटपाट जैसी घटनाएं होती थी। मगर अब सभी हंसकर त्योहार मनाते है। मगर यह हंसी तभी आ सकती है जब फिर से योगी जी ही मुख्यमंत्री बने। इससे पहले जब पीएम मोदी शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस वे का शिलान्यास करने आए तो तब भी उन्होंने यूपी के लिए योगी को ही उपयोगी बताया था। उन्होंने एक फॉर्मूले के साथ यूपी और योगी को जोड़ दिया था। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को वर्चुअल तरीके से बरेली शहर वालों ने भी सुना। इसके अलावा कालीबाड़ी हो या शहर का अन्य कोई इलाका। स्थानीय पार्षदों की तरफ से वहां पर एक एलईडी पैनल लगाया गया। वही देहात क्षेत्रों मे भी पीएम मोदी की वर्चुअल रैली को सुना गया। जिस पर लोगों ने कासगंज से पीएम मोदी को लाइव सुना।।
बरेली से कपिल यादव