लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत, दो गंभीर घायल, लगा लंबा जाम

बरेली। जनपद मे बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल है। देर शाम एक मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना के सिमरा घाट गांव निवासी दिलवाग सिंह के रूप में हुई। जबकि दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी। घायल भी कुछ बताने की स्थिति में है। एक घायल व्यक्ति का पैर भी कट गया है। पुलिस का कहना हैं कि दूसरे मृतक की शिनाख्त का प्रयास जारी है। ट्रक मालिकों से संपर्क किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के सामने जीरो प्वाइंट पर अचानक से उस ट्रक का टायर फट गया। जिसकी वजह से वह अनियंत्रित हुआ और रांग साइड (शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर) आ गया। उधर, मध्य प्रदेश का एक ट्रक जो बहरानपुर से केले लेकर पीलीभीत जा रहा था। टायर फटने वाले ट्रक से भिड़ गया। मध्य प्रदेश के ट्रक की गति इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। केबिन में ही दोनों ट्रकों के चालक और हेल्पर फंसे रहे गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिथरी चैनपुर पुलिस, हाईवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद चालकों को केबिन काटकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हुए एक ट्रक मे सेब लदे हुए थे जबकि दूसरा ट्रक बैटरियों से भरा हुआ था। हादसे के कारण लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई और भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई। बाद में पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से किनारे करवाया। जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। सीओ हाईवे और थाना बिथरी चैनपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। घायल व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *