राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने की बाड़मेर में निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा

राजस्थान/बाड़मेर- राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनावों के तहत प्रत्येक मतदाता भयमुक्त और निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त समस्त कार्मिक पूर्ण गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही और जिलों को निर्वाचन नियम प्रक्रिया के संबंध में त्वरित सहयोग प्रदान किया जा रहा हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने गुरुवार को बाड़मेर के कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के प्रत्येक दिशा-निर्देश और आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। प्रत्येक केन्द्र पर सुरक्षा का पर्याप्त जाब्ता हो। मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान दलों के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि मतदान में नियुक्त कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी समूची जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा बलों की तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और मतदान केंद्रों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजेश्वर सिंह ने कहा कि एरिया मजिस्ट्रेट और सेक्टर ऑफिसर अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा करें। उन्होंने कहा कि नामांकन एवं विजय जुलूस पूर्णतया प्रतिबंध है और इसकी पालना पूर्ण सख्ती से की जाए। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा की समीक्षा की। साथ ही मतगणना के मद्देनजर की गई तैयारियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि मतगणना से जुड़े कार्मिकों भी आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष निरंतर सक्रिय रूप से कार्य करें। उन्होंने मतदान से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र होने के कारण जिले में अतिरिक्त सतर्कता रखें। मतगणना तक पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रत्येक घटना पर नजर रखी जाए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि आयोग की ओर से पहली बार प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं करवाई गई। इससे प्रत्याशियों को नामांकन से जुड़ी सभी जानकारियां मिल सकी। उन्होंने बाड़मेर में मतदान में नियुक्त अधिकारियों- कर्मचारियों की सुविधा के लिए तैयार की गई निर्वाचन निर्देशिका की सराहना की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने गुरुवार को पंचायत समिति भींयाड़ की ग्राम पंचायत राजडाल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवका मतदान केन्द्र एवं पंचायत समिति शिव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निंबला आदर्श मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नाम निर्देशन प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायतीराज चुनाव के द्वितीय चरण में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान प्रक्रिया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सुविधाओं, पीने के पानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए।

बैठक में निर्वाचन पर्यवेक्षक बाड़मेर डॉ अनिल कुमार पालीवाल,जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवीन्द्र कुमार, उपखंड अधिकारी भवानी सिंह सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *