बरेली। तौकीर के इशारे पर पिछले साल हुए दंगे में वांछित एक अन्य आरोपी फरीदापुर चौधरी निवासी मोबीन खान और मोमिन खान को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। दंगे की रणनीति तैयार करने के लिए बारातघर में मीटिंग बुलाने वाला पार्षद नासिर खान और उसका बेटा मैसर अभी फरार है। पुलिस उनकी तलाश मे जुटी है। बता दें कि कानपुर प्रकरण के विरोध में 26 सितंबर 2025 को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने इस्लामिया ग्राउंड में भीड़ जुटाने का आह्वान किया था। पुलिस के रोकने पर इस भीड़ ने शहर में दंगा कर दिया। जिसको लेकर विभिन्न थानों में 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें करीब 115 आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। कई आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। इनमें से कोतवाली में दर्ज प्रमुख मुकदमे के विवेचक एवं कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने एक अन्य वांछित मोबीन खान को गुरुवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी इस मामले में पार्षद नासिर खान और उसका बेटा मैसर फरार चल रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस की पूछताछ में मोबीन ने बताया कि 19 सितंबर 2025 को उसके नेता तौकीर रजा फरीदापुर चौधरी पहुंचे थे। उस दिन पार्षद नासिर खान के घर में मीटिंग रखी गई थी, जिसमें भीड़ ज्यादा होने पर उसने बेग मैरिज हॉल की चाबी लेकर मीटिंग कराई। इस मीटिंग में करीब सवा सौ लोग मौजूद थे। मीटिंग का प्रबंध नासिर बेग और उसके बेटे मैसर खान ने किया था। पूछताछ में मोबीन ने यह भी बताया कि मौलाना तौकीर ने जुमे की नमाज के बाद 26 सितंबर 2025 को आंदोलन के लिए इस्लामिया ग्राउंड पहुंचने का ऐलान किया। कहा कि अगर पुलिस रोकती है तो भी रुकना नहीं है, चाहे उसके लिए गोली ही क्यों न चलानी पड़े। मौलाना ने इसके लिए हथियारों का प्रबंध करने की भी बात कही थी। इसी वजह से नमाज के बाद भीड़ इस्लामिया ग्राउंड जाने लगी। वह भी अपना मोबाइल छोड़कर भीड़ लेकर वहां गया और जब बवाल हो गया तो वे लोग कचहरी की ओर भाग गए।
— बरेली से कपिल यादव
