बरेली। डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे जिला महिला अस्पताल मे अब अल्ट्रासाउंड जांच भी एक मई तक बंद हो गई है। एक मात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने की वजह से गर्भवतियों की जांच रुक गई है। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। जिला अस्पताल में गंभीर गर्भवतियों की जांच कराई जा रही है। महिला अस्पताल में सिर्फ एक ही रेडियोलॉजिस्ट तैनात है। कई बार यहां एक और रेडियोलाजिस्ट की तैनाती की मांग की गई लेकिन अब तक दूसरे डॉक्टर नहीं मिल सके। अब मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। वजह यह कि एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट एक मई तक चिकित्सा अवकाश पर चले गए हैं। बुधवार को मरीज अल्ट्रासाउंड जांच कराने पहुंचे तो पता चला कि डॉक्टर ही नहीं हैं। मरीज काफी देर तक भटकते रहे। बाद में पता चला कि अस्पताल में एक मई तक अल्ट्रासाउंड जांच बंद हो गई है। सीएमएस डॉ. पुष्पलता शम्मी ने बताया कि गंभीर गर्भवतियों की अल्ट्रासाउंड जांच जिला अस्पताल में कराने की व्यवस्था की गई है। एक और रेडियोलाजिस्ट की तैनाती के लिए कई बार सीएमओ कार्यालय पत्र भेजा गया है।।
बरेली से कपिल यादव
