बरेली। बरेली रोड स्थित ढाबे पर मजदूरी के रुपए मांगने पर मालिक ने मजदूर को बंधक बनाकर डंडे और बेल्ट से बुरी तरह से पीटा। सूचना पर पहुंचे सीओ ने मजदूर को बंधनमुक्त करके भमोरा सीएचसी भिजवाया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के लाइनपार स्थित आर्यनगर मोहल्ले के शिवा पुत्र केशव शर्मा ने बताया कि वह माता-पिता की मौत के बाद अपने चाचा मनीष शर्मा के पास रहता है। वह 20 दिन पहले आंवला मे पुरैना के पास निधि पेट्रोल पंप के सामने बने महादेव ढाबे पर तंदूर लगाने का काम करने लगा। उसने दो दिन पूर्व घर जाने के लिए मालिक से मजदूरी मांगी और काम छोड़ने की बात कही। आरोप है कि मजदूरी के रुपये मांगने पर ढाबा मालिक हिमांशु और अर्जुन ने कहा कि कोई रुपये नही मिलेंगे। उसे ढाबे पर काम करना होगा। मना करने पर गुरुवार की शाम उन्होंने शराब पीकर ढाबे के समीप सबरमर्सिबल बोरिंग मशीन से बांधकर नंगा कर डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा। सूचना पर पुलिस ने मौके पर उसे बंधनमुक्त कराके भमोरा सीएचसी भेज दिया गया। डॉक्टर मोहित यादव ने बताया कि युवक को पीठ और चेहरे के अलावा हाथ मे चोट आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।।
बरेली से कपिल यादव
