भोजीपुरा मे फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा पुलिस ने आयुष्मान भारत योजना का फर्जी कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 13 फर्जी आयुष्मान कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। यह गिरोह अपात्र लोगों से 35 से 40 हजार रुपये लेकर फर्जी कार्ड बनाता था और सरकारी योजना से भुगतान भी लेता था। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बुधवार को इस मामले का खुलासा किया। नवाबगंज के हरप्रसाद की शिकायत पर यह खेल सामने आया। हरप्रसाद की बेटी के इलाज के लिए बनाए गए फर्जी कार्ड की असलियत ऋषिकेश एम्स में सामने आई थी। आरोपियों ने हरप्रसाद से 47 हजार रुपये लिए थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आधार और राशन कार्ड में छेड़छाड़ करते थे। वे फर्जी आयुष्मान कार्ड तैयार करते थे। इन कार्डों से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अस्पतालों में इलाज कराने का दावा किया जाता था। पुलिस ने इस मामले को संगठित अपराध मानते हुए बीएनएस की धारा 111 भी बढ़ाई है। पुलिस ने बुधवार सुबह भोजीपुरा मेडिकल कॉलेज के पीछे से पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आबिद, सलमान निवासी अभयपुर बैकुंतापुर, थाना भोजीपुरा, अरमान निवासी परतापुर, अफरोज निवासी रमपुरा माफी, समेत देवरनिया के वसुंधरा निवासी देशरत्न को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में सात मोबाइल फोन, 13 फर्जी आयुष्मान कार्ड और छह फर्जी आधार कार्ड मिले। राशन कार्ड की 22 फर्जी छायाप्रतियां और 2700 रुपये भी बरामद हुए। आरोपी मोबाइल एप्लिकेशन और ऑनलाइन मंच के जरिये आधार, राशन और आयुष्मान कार्ड से जुड़ी प्रक्रिया करते थे। उनके खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को कई जानकारियां मिली है। अपात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ, गिरोह से जुड़े लोगों की कई अस्पतालों के कर्मचारियों से सेटिंग की बात सामने आ रही है। पुलिस यह भी जांच करेगी की किन अस्पतालों में इलाज के बाद आयुष्मान योजना के तहत रुपये वसूले गए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *